बलौदाबाजार जिले में 195 करोड़ के विकास कार्य होंगे:सुहेला में नया सरकारी कॉलेज, तिल्दा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुलेंगे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 4 दिसंबर को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सुहेला पहुंचे। जहां एक समारोह में उन्होंने 195 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत के 192 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान सीएम ने जिले के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने सुहेला में एक नए सरकारी कॉलेज की स्थापना की घोषणा की। इसके अलावा सुहेला तिगड्डा में तीन सड़कों पर एक-एक किलोमीटर तक डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। उन्होंने तिल्दा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपए और बलौदाबाजार में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 21 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। जिले के 50 धान उपार्जन केंद्रों पर किसान शेड भी बनाए जाएंगे। इन कार्यों का हुआ लोकार्पण प्रमुख लोकार्पित कार्यों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 12 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से निर्मित 1073 प्रधानमंत्री आवास और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा कई गांवों में लगभग 8 करोड़ रुपए की नलजल योजनाएं शामिल हैं। जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया, उनमें लोक निर्माण विभाग द्वारा बलौदाबाजार-रिसदा-हथबंद मार्ग का मजबूतीकरण (49 करोड़ 17 लाख रुपए), रिसदा बायपास निर्माण (20 करोड़ 98 लाख रुपए) और बलौदाबाजार में इंडोर स्टेडियम परिसर का निर्माण (15 करोड़ 59 लाख रुपए) प्रमुख हैं। CM बोले- आवास, पानी, मुफ्त बिजली पहुंचाना लक्ष्य समारोह में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार जनहित में वचनबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही कई योजनाओं का जिक्र किया, जिनमें हर घर तक पक्का आवास, शुद्ध पेयजल और मुफ्त बिजली पहुंचाने का लक्ष्य शामिल है। मुख्यमंत्री ने किसानों को धान खरीदी पर बोनस, तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि, महतारी वंदना योजना और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं जैसे सरकार के प्रमुख कदमों का भी जिक्र किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में प्रदेश में तेज गति से हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *