छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में खाद्य और औषधि प्रशासन की टीम ने रोहांसी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की टीम ने 65 खाद्य नमूनों की जांच की। इनमें से 61 नमूने मानक के अनुरूप पाए गए। 4 नमूने अवमानक मिले, जिन पर विभागीय कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा ने दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री को अखबार में पैक करना प्रतिबंधित है। इस नियम का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई होगी। बिना खाद्य लाइसेंस के व्यापार करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जांच के लिए सैंपल भेजे गए रक्षाबंधन से पूर्व कसडोल और पलारी क्षेत्र से 16 नमूने लिए गए हैं। ये नमूने होटल, ढाबा और मिठाई की दुकानों से एकत्र किए गए हैं। इन्हें रायपुर स्थित राज्य स्तरीय लैब भेजा गया है। किराना दुकानों से अलग से 6 नमूने लिए गए हैं। बरसात के मौसम में मिलावट की आशंका त्योहार और बरसात के मौसम में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। खाद्य विभाग दूध, मिठाई और तेलीय पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रख रहा है। व्यापारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता जरूर जांचें और संदिग्ध वस्तुओं की सूचना तुरंत विभाग को दें।


