बलौदाबाजार जिले में मां बम्लेश्वरी गैस एजेंसी पर खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को छापेमारी की। टीम ने हीरा किचन केयर का भी निरीक्षण किया। जांच में एजेंसी की ओर से की जा रही कई अनियमितताएं सामने आईं। जानकारी के मुताबिक, एजेंसी काउंटर से सिलेंडर लेने पर भी अतिरिक्त शुल्क वसूलती थी। ऑनलाइन होम डिलीवरी का पैसा लेकर भी सिलेंडर नहीं पहुंचाया जाता था। उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल के साथ अन्य सामान खरीदने के लिए मजबूर किया जाता था। एजेंसी के कार्यालय में गंदगी और अव्यवस्था पाई गई। स्टॉक मिलान में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। संचालक स्टॉक का कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। गोदाम में 39 भरे और 1575 खाली सिलेंडर मिले। इनका रिकॉर्ड सही तरीके से नहीं रखा गया था। कई मामलों में बिना डिलीवरी किए ही रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखाई गई थी। जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अवैध वसूली, स्टॉक में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के मामलों में कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाएगा।


