बलौदाबाजार के कलेक्टर दीपक सोनी ने ग्राम पंचायत अर्जुनी में जल संचय महाभियान की शुरुआत की। उन्होंने हैंडपंप के पास सोखता गड्ढे का निर्माण कार्य शुरू किया। साथ ही शासकीय भवन में वाटर हार्वेस्टिंग का काम भी प्रारंभ किया। कलेक्टर ने तालाब की मेड़ पर बरगद का पौधा रोपा। कलेक्टर ने बरगद के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों और महिला स्व-सहायता समूह से संवाद किया। उन्होंने पंचायत के विकास में सभी का सहयोग मांगा। जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। ग्रामीणों की मांग पर बड़े तालाब से जलकुंभी हटाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। महिला समूहों को पौधशाला और ट्री गार्ड बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संचय की शपथ दिलाई कलेक्टर ने सप्तरंगी सूत्र का जिक्र करते हुए गांव को स्वच्छ, साक्षर और कुपोषण मुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने नशामुक्ति और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव पर भी जोर दिया। महिला समूह ने बताया कि वे बकरी पालन, इमली लाटा और बैग सिलाई का काम कर रही हैं। कार्यक्रम में सभी ग्रामीणों को जल संचय की शपथ दिलाई गई। कलेक्टर ने तालाबों का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव मांगा। उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान और प्लास्टिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की सीईओ दिव्या अग्रवाल, जनपद सीईओ फकीरचरण पटेल, सरपंच कविता ध्रुव, उप सरपंच, पंच और स्व-सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।


