बलौदाबाजार में नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। जिले के 8 नगरीय निकायों में कुल 181 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला कलेक्टर दीपक सोनी और सीनियर SP विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों की तरह पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र में कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद दोनों अधिकारियों ने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। कलेक्टर सोनी ने कहा कि मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसका उपयोग अवश्य किया जाना चाहिए। उन्होंने जिले में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। चुनाव प्रशासन द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए हर वार्ड में अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया सरल और सुगम हो गई है।


