बलौदाबाजार जिले में छत्तीसगढ़ टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट (CG TET) का आयोजन आगामी 1 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इस परीक्षा में जिले के कुल 7020 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शुक्रवार को परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर दीपक सोनी ने केंद्राध्यक्षों और ऑब्जर्वरों की बैठक ली। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए। व्यापम के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। किसी भी स्तर की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सुरक्षा और जांच व्यवस्था पर विशेष जोर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मचारियों से कराना अनिवार्य किया गया। सभी केंद्रों पर फ्रिस्किंग प्रक्रिया लागू रहेगी। मोबाइल, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा कक्षों में मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि परीक्षा कक्षों की दीवारों पर कोई शैक्षणिक सामग्री न लगी हो। हर कक्ष में दीवार घड़ी, बिजली, पेयजल और बैठने की उचित व्यवस्था मौजूद रहे। उड़नदस्तों का औचक निरीक्षण उड़नदस्ते और नोडल अधिकारी समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जिला कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश दिए गए। आधार और प्रवेश पत्र से होगी पहचान जांच अभ्यर्थियों की पहचान आधार कार्ड और प्रवेश पत्र के आधार पर की जाएगी। कक्षा में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सटीक जांच सुनिश्चित की जाएगी। दो पालियों में होगी परीक्षा जिले में परीक्षा संचालन के लिए प्रथम पाली में 14 केंद्र और द्वितीय पाली में 9 केंद्र बनाए गए हैं। प्राथमिक शिक्षक की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी।
मिडिल स्कूल शिक्षक की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5:45 बजे तक आयोजित की जाएगी। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक बैठक में डिप्टी कलेक्टर और नोडल अधिकारी अरुण कुमार सोनकर के साथ सभी केंद्राध्यक्ष और ऑब्जर्वर उपस्थित रहे।


