छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के 173 CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) की आईडी निरस्त कर दी गई है। बताया जा रहा है कि संचालक संचालन में लापरवाही बरत रहे थे। नियमों की अनदेखी, निर्धारित मानकों और सही लोकेशन पर केंद्र संचालित नहीं कर रहे थे। जिसके चलते जिले भर में एक साथ कार्रवाई की गई है। जांच में यह बात सामने आई कि जिले के कई CSC केंद्र तय किए गए नियमों पर खरे नहीं उतर रहे थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि CSC आईडी बिना किसी स्थाई केंद्र या दुकान के संचालित की जा रही थी, जो कि नियमों के खिलाफ है। इसके अलावा कई स्थानों पर उचित कॉमन ब्रांडिंग नहीं थी। न ही वहां सेवाओं का रेट चार्ट प्रदर्शित किया गया था। केवल कागजों पर या अस्थाई तौर पर चल रहे इन केंद्रों की वजह से आम लोगों को सही सेवाएं नहीं मिल पा रही थीं। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए ही 173 आईडी को निरस्त करने का फैसला लिया गया है। CSC के संचालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब कड़े निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन करना प्रत्येक वीएलई के लिए अनिवार्य है। ये हैं नियम बहाली का भी मौका जिन संचालकों की आईडी इस कार्रवाई के तहत निरस्त की गई है, उनके पास बहाली का एक मौका अभी भी है। यदि वे इन सभी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करते हैं और अपनी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप दुरुस्त कर लेते हैं, तो उनकी आईडी को दोबारा चालू करने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। क्या है कॉमन सर्विस सेंटर? डिजिटल सेवा को चलाने वाला एक केंद्र कॉमन सर्विस सेंटर कहलाता है। मुख्य रूप से CSC भारतीय नागरिकों तक सरकार की जानकारी देने वाली सुविधाओं को पहुंचाने का एक जरिया है, जिनमें मुख्य रूप से कृषि, स्वास्थ्य, मनोरंजन, शिक्षा, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ उपयोगिता भुगतान के साथ कई सारी योजनाएं भी शामिल की जाती हैं। CSC पर कौन-कौन से काम होते हैं? CSC के जरिए जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एडमिट कार्ड, आवेदन फार्म, पेंशन अप्लाई, ITR फाइलिंग, बिजली बिल का भुगतान, ट्रेन / एयरलाइंस टिकट और सरकारी योजनाओं के काम कर सकते हैं।


