बस्ती में सिविल कोर्ट स्टाफ परीक्षा में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जिले के सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, पचपेड़िया परीक्षा केंद्र पर रविवार को पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। वह दूसरे की जगह परीक्षा देने आया था। पकड़े गए युवक की पहचान अजय यादव पुत्र संतोष कुमार, निवासी दतावली, थाना मटसैना, जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह अयोध्या प्रसाद पुत्र स्वर्गीय हीरालाल, निवासी गौहन्ना भिखारीपुर, जिला अंबेडकर नगर की जगह परीक्षा दे रहा था। प्रधानाचार्य की सतर्कता से खुला मामला
परीक्षा के दौरान केंद्र के प्रधानाचार्य इतेन्द्र कुमार ने चेकिंग के दौरान युवक पर शक होने पर उससे पूछताछ की। सवालों में फंसने पर फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। प्रधानाचार्य ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। एएसपी ओपी सिंह ने बताया प्रधानाचार्य की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। युवक से पूछताछ जारी है।


