छत्तीसगढ के जगदलपुर में बस की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ओवर स्पीड की वजह से हादसा हुआ है। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। युवकों के शव को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की देर रात दोनों युवक धरमपुरा सब्जी मार्केट के पास से शहर की ओर आ रहे थे। इसी बीच एक बस ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव दोनों मृतकों के शवों को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतकों की शिनाख्त राजेश बघेल (21) और प्रिंस बघेल (18) के रूप में हुई है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने कहा कि हादसे में 2 युवकों की मौत हुई है। जिसकी जांच की जा रही है।


