बस ने स्कूटी को टक्कर मारी, मां की मौत:देवास-इंदौर मार्ग पर हादसा, बेटा गंभीर घायल; संक्रांति मनाकर इंदौर लौट रहे थे

देवास-इंदौर मार्ग पर रसूलपुर बायपास के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मां-बेटे संक्रांति पर्व मनाकर देवास से इंदौर स्थित अपने घर लौट रहे थे। मृतक महिला की पहचान सपना दीक्षित (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने 23 वर्षीय बेटे आर्यन दीक्षित के साथ स्कूटी से यात्रा कर रही थीं। रसूलपुर बायपास चौराहे के समीप तेज रफ्तार बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सपना दीक्षित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल का देवास अस्पताल में चल रहा है इलाज हादसे में घायल आर्यन दीक्षित को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से देवास के एमजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एमजी अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. आसिफ शेख ने बताया कि दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार, मृतका सपना दीक्षित देवास जिले की हाटपीपल्या विधानसभा से विधायक मनोज चौधरी के करीबी अमर अवस्थी की बहन थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतका का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *