बालाघाट में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे दिन और रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में ठंड से बचाव के लिए नगरपालिका ने शहर के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। हालांकि, शहर के बस स्टैंड और अस्पताल में अलाव के लिए लकड़ियां नहीं पहुंचने से लोग परेशान हैं। मंगलवार देर रात अस्पताल और बस स्टैंड पर बस हेल्पर, यात्री और मरीजों के परिजन कचरा व खड्डे जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। मरीजों के परिजनों ने बताया कि नगरपालिका ने काफी दिनों से अलाव के लिए लकड़ियों का इंतजाम नहीं किया है, जिससे उन्हें ठंड में परेशानी हो रही है। नपा बोले- जहां लकड़ियां नहीं पहुंचीं, वहां जल्द व्यवस्था करेंगे इस संबंध में नगरपालिका के उद्यान प्रभारी प्रभात राहंगडाले ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड और अस्पताल सहित शहर के सभी चौक-चौराहों पर अलाव के लिए लकड़ियां डाली गई हैं। यदि कहीं लकड़ियां नहीं पहुंच पाई हैं, तो वहां जल्द व्यवस्था की जाएगी। स्कूलों का समय बदला, 9:30 बजे से लगेंगे स्कूल जिले भर में शीतलहर के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव किया है। कलेक्टर ने मौसम परिवर्तन से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए बुधवार से स्कूलों का समय सुबह 9:30 बजे कर दिया है। अब स्कूल 9:30 बजे से पहले नहीं लगेंगे।


