बस स्टैंड में सड़कें बनाने का काम धीमा, 4 माह में 200 मीटर ही बनी

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहीद मदन लाल ढींगरा अंतरराज्यीय बस स्टैंड में 1.25 करोड़ से सड़कें बनाने का काम धीमी चाल से चल रहा है। पीडब्ल्यूडी ने ठेका प्राइवेट कंपनी को दिया था जिसने दिसंबर में शुरू काम किया था। 4 माह बीतने के बाद सिर्फ 200 मीटर सड़क ही बन पाई हैं। जबकि बाकी सड़कों पर गड्ढे होने के कारण यात्रियों और बस चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। गौरतलब है कि पीडब्ल्यूडी की ओर से 17 अक्तूबर 2024 को बस स्टैंड की सड़कों के टेंडर लगाए थे। 1 करोड़ 25 लाख 97 हजार से प्राइवेट कंपनी को सड़कें बनाने का ठेका दिया गया। दिसंबर में बस स्टैंड के अंदर की सड़कें बनानी शुरू कर दी गई। बस स्टैंड के एंट्री से एग्जिट गेट तक सारी सड़कों का निर्माण कंपनी द्वारा किया जाना हैं मगर 4 माह में सिर्फ 200 मीटर सड़क ही बन पाई है। गड्ढों की वजह से बस स्टैंड में जाम की स्थिति बनी रहती हैं। बस स्टैंड से सफर करने वाले शेखर कुमार ने बताया कि वह रोजाना बस स्टैंड से पठानकोट नौकरी करने जाते हैं। जब सड़कें बननी शुरू हुई तो उन्होंने सोचा कि अब लोगों को राहत मिलेगी मगर अब तो 4 महीने से बस स्टैंड में और भी बड़े-बड़े गड्ढे कर रखे हैं। जहां रोजाना यात्री गिरकर चोटिल होते रहते हैं। बीते चुनावों में आचार संहिता लगने के कारण बस स्टैंड में सड़कों का काम रोक दिया गया था। कंपनी की ओर सड़कों का काम दोबारा से शुरू किया गया हैं। जल्द ही बस स्टैंड की सभी सड़कें बनाई जाएगी। कंपनी काम में उनके साथ कोऑपरेट कर रही हैं। काम में ढील को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कंपनी से बात करके सड़कों के काम में तेजी लाई जाएगी। खस्ता हाल सड़कों की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। – कुशलदीप सिंह रंधावा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *