जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो रिश्तेदार युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि युवकों ने अपने परिवार की एक लड़की से दोस्ती का शक जताते हुए छात्र को बुलाया और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घायल हालत में उसे सड़क पर छोड़कर दोनों फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद उमेर खोखर की शिकायत पर अरशद चौहान और आकिब चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उमेर एक निजी कॉलेज में सेकेंड ईयर का छात्र है। आरोप से नकारने पर मारा उमेर ने पुलिस को बताया कि वह रात में पढ़ाई कर रहा था, तभी अरशद का फोन आया। उसने ब्रुक ब्रांड कॉलोनी बुलाया और कहा कि जरूरी बात करनी है। रात करीब 9 बजे उमेर वहां पहुंचा, जहां अरशद के साथ आकिब भी मौजूद था। दोनों ने उस पर अपनी बहन से दोस्ती करने का आरोप लगाया। उमेर ने जब इस बात से इनकार किया, तो दोनों ने लात-घूंसे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि उमेर के मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपी उसे स्कूटर पर बैठाकर केसरबाग ले गए, जहां फिर से मारपीट की। यहीं नहीं रुके, उसे चोइथराम सब्जी मंडी तक ले जाया गया और रास्ते भर पीटते रहे। वीडियो बनाकर माफी मंगवाई आरोप है कि केसरबाग रोड पर आरोपियों ने उमेर का वीडियो भी बनवाया और उससे जबरन माफी मंगवाई। वीडियो में उससे कहलवाया गया कि वह लड़की से कोई संबंध नहीं रखेगा और दोबारा बात नहीं करेगा। इसके बाद उसे सेंट्रल एक्साइज ऑफिस के पास अधमरी हालत में छोड़कर दोनों फरार हो गए। देर रात उमेर किसी तरह अपने परिवार से संपर्क कर पाया। परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे, जहां मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे कार्रवाई की जाएगी।


