मऊगंज जिले के नईगढ़ी अंचल में मकर संक्रांति पर्व पर आस्था और उत्साह का माहौल रहा। बहुती जलप्रपात, देवतालाब और अष्टभुजा धाम सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ऐतिहासिक बहुती मेला हजारों भक्तों और पर्यटकों का मुख्य केंद्र बना। बहुती गांव स्थित प्रसिद्ध बहुती जलप्रपात के समीप ओड्डा नदी के तट पर पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में जिले भर से आए व्यापारियों ने गृहस्थी के सामान, बच्चों के खिलौने, गन्ना, लाइ और पारंपरिक खाद्य पदार्थों की दुकानें लगाईं। ये दुकानें श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने गंगा और सोन नदी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बहुती प्रपात पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई, जहां लोगों ने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और तस्वीरें खींचीं। शिवधाम देवतालाब, अष्टभुजा धाम नईगढ़ी, गूड़र शिवमंदिर कुसहा और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी सचि पाठक और थाना प्रभारी गोविंद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। इससे मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और सुरक्षित पतंगबाजी के साथ-साथ यातायात में सावधानी बरतने की अपील भी की।


