बहू से बात करने से मना किया तो ससुर को मिट्टीतेल डालकर जलाया, गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम बैजलपुर निवासी द्वारिका सेन पर मिट्टी तेल डालकर जलाकर मारने के आरोप में युवक रोशन साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) बीएनएस पंजीबद्ध कर रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चैतराम सेन बेमेतरा के कोबिया में रहता है। 31 दिसंबर की सुबह उसके रिश्तेदार ने फोन कर जानकारी दी कि उसके पिता द्वारिका सेन जली हुई हालत में घर के आंगन में कराहते पड़ा है। सूचना मिलते ही, गांव पहुंचकर इलाज के लिए बेमेतरा लाए। जहां, गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने द्वारिका को रायपुर रेफर कर दिया। चैतराम ने पुलिस को बताया कि मृतक द्वारिका ने मरने से पहले बताया था कि गांव के ही रोशन साहू का घर में आना-जाना था। वह बहु से हमेशा बातचीत करता था। जिस पर उसे घर आने से मना किया था। 30 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे रोशन, मना करने के बाद भी घर आया था। जिसे घर से जाते देखकर अपनी बहु से इस बारे में जानकारी ली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद बहु, अपनी मां व भाई को बुलाकर अपने मायके चली गई। वहीं द्वारिका की पत्नी सप्ताह भर पहले से ही अपनी बहन के यहां गई थी। ऐसे में वह घर पर अकेले थे। 30 दिसंबर की रात को द्वारिका पेशाब करने उठा, तो आंगन की लाइट जल रही थी। वहीं रोशन प्लास्टिक का डिब्बा रखे छिपा हुआ था। जिसमें मिट्टी तेल भरा हुआ था। रोशन ने मिट्टी तेल छिड़कर अचानक माचिस से आग लगा दी। घटना की जानकारी, द्वारिका ने अपने बेटे चैतराम को दी। सिटी कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच कर, आरोपी रोशन साहू को गिरफ्तार किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *