अर्नव ग्रीन सिटी में गिट्टी का डंपर पलटा बहोड़ापुर के सागरताल-जलालपुर रोड पर अर्नव ग्रीन सिटी में शुक्रवार को दोपहर अमृत योजना के तहत डाली गई पाइप लाइन के ऊपर की गीली मिट्टी पर गिट्टी का डंपर धंसकर पलट गया। डंपर गली के अंदर से निकल रहा था। इस दौरान 93वर्षीय वृद्ध गिर्राज शर्मा घर के चबूतरे पर बैठे थे। गिट्टी भरा डंपर पलटने से घर के चबूतरे पर धूप ले रहे वृद्ध उसके नीचे दबने से मौत हो गई। वृद्ध की मौत के बाद परिजन शव के साथ भरतपुर रवाना हो गए। बहोड़ापुर के थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि अर्नव ग्रीन सिटी में वृद्ध के डंपर के नीचे दबने की सूचना मिली थी। पुलिस और परिजन वृद्ध गिर्राज शर्मा को निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद डंपर को जब्त कर लिया गया है। मौत पर दो बड़े सवाल नो एंट्री में डंपर की एंट्री कैसे और भराव को किसने परखा? वृद्ध की मौत के मामले से 2 बड़े सवाल खड़े हुए हैं कि गिट्टी भरा डंपर नो एंट्री में किस रास्ते से घुसा पुलिस के किस चेकिंग पाइंट से उसे दिन में शहर में घुसने की अनुमति दी गई। दूसरा अमृत योजना की डाली गई पाइप लाइन के भराव की गुणवत्ता को किस इंजीनियर ने परखी थी। पाइप लाइन पर गिट्टी डाली लेकिन ठीक से दबाया नहीं मृतक वृद्ध के नाती सतीश शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही कॉलोनी में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डाली गई है। इस पाइप लाइन पर गिट्टी भी डाली गई लेकिन ठीक से मिट्टी को दबाया नहीं गया। गिट्टी डाली गई है लेकिन अंदर से गड्ढे का स्थान अभी पोला है। इस कारण रोज हादसे होते हैं।


