डीडवाना के राजकीय बांगड़ कॉलेज में विकास और परीक्षा शुल्क में अचानक वृद्धि की गई है। इस शुल्क वृद्धि को लेकर विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शुल्क वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की है। विद्यार्थियों के अनुसार, डिग्री प्राप्त करने के लिए विकास शुल्क 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए कर दिया गया है। वहीं, परीक्षा फॉर्म जमा कराने की फीस 280 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपए कर दी गई है। छात्रों का कहना है कि यह वृद्धि गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी। छात्रों ने आरोप लगाया कि शुल्क वृद्धि किसी स्पष्ट नियमावली के तहत नहीं की गई है और न ही इस संबंध में विद्यार्थियों की सहमति ली गई। उन्होंने इसे निंदनीय बताया और कहा कि इससे छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। छात्रों ने इस संबंध में प्रिंसिपल को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक शुल्क वृद्धि वापस नहीं ली गई, तो छात्र उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम करेंगे। छात्रों ने कहा कि आंदोलन से उत्पन्न किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। इस दौरान पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हरलाल बरवड़, छात्र प्रतिनिधि तनवीर कुमार, छात्र नेता विकास परिहार और अरबाज खान सहित कई छात्र मौजूद थे।


