पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में शनिवार को एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया। हड्डी वार्ड में भर्ती एक मरीज लेट बॉथ में लगा पीतल का नल तोड़कर अपने साथ ले गया। नल हटते ही कुछ ही मिनटों में वार्ड में पानी फैल गया और देखते ही देखते पूरा वार्ड में पानी ही पानी हो गया। वार्ड में पानी देख मरीजों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर वार्ड प्रभारी दुर्गाशंकर शर्मा मौके पर पहुंचे और तुरंत प्लम्बर को कॉल कर बुलाया। प्लम्बर ने क्षतिग्रस्त नल की जगह नया नल लगाया, लेकिन तब तक पूरे वार्ड के फर्श पर पानी फैल चुका था।
इससे भर्ती मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद दो सफाईकर्मियों को लगाकर पूरे वार्ड की साफ-सफाई करवाई गई और पानी की निकासी करवाई गई। जानकारी के अनुसार, जिस मरीज ने यह हरकत की वह नशे का आदी बताया जा रहा है। वह बिना हॉस्पिटल प्रशासन को सूचना दिए और बिना छुट्टी लिए ही शनिवार को घर चला गया। खास बता यह थी कि हड्डी वार्ड में जल निकासी की भी व्यवस्था नहीं थी।


