विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने गुरुवार को नीमच के फोर जीरो भारत माता चौराहा पर बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश का पुतला दहन कर केंद्र सरकार से इस मामले में ठोस हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विहिप कार्यकर्ता आक्रोशित दिखे। ‘हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो’ और ‘कट्टरपंथ मुर्दाबाद’ जैसे नारों से पूरा चौराहा गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पड़ोसी देशों, विशेषकर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो न केवल मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। विहिप पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि बांग्लादेश सरकार पर कूटनीतिक दबाव बनाया जाए, ताकि वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कट्टरपंथी तत्वों के खिलाफ सख्त अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई के लिए पहल करने पर भी जोर दिया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। इस पुतला दहन कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, विभाग गोरक्षा प्रमुख लक्ष्मण राठौर, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला मंत्री कैलाश मालवीय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


