बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसक घटनाओं के विरोध में उत्कलीय समाज ने की शोकसभा

भास्कर न्यूज| सरायकेला बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार, हिंसक घटनाओं और धार्मिक उत्पीड़न के विरोध में उत्कलीय पुरोहित समाज की ओर से रविवार की शाम एक विरोध सभा सह शोकसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय सरायकेला के माजना घाट स्थित पार्क परिसर में संपन्न हुआ। सभा की अध्यक्षता समाज के सचिव नीलकंठ षाड़ंगी ने की। सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष घासी नाथ सतपति ने बांग्लादेश में घटित घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज या धर्म के लोगों पर इस प्रकार के अत्याचार न केवल असंवैधानिक हैं, बल्कि मानवता के भी विरुद्ध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुओं पर हमले, धार्मिक स्थलों को क्षति पहुंचाने और भय का वातावरण बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। घासी नाथ सतपति ने कहा कि उत्कलीय पुरोहित समाज इस प्रकार की घटनाओं का पूर्ण रूप से विरोध करता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदुओं की सुरक्षा, धार्मिक स्वतंत्रता तथा मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग करता है। उन्होंने भारत सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय संगठनों से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान हाल के दिनों में बांग्लादेश में मारे गए हिंदुओं की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित लोगों ने मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *