बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की हत्या से आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों ने जालोर में विरोध-प्रदर्शन किया। मंगलवार को शहर में बांग्लादेश की सरकार के खिलाफ रैली निकाली गई, पुतला फूंका गया और नारेबाजी की गई। रैली शहर के तिलक द्वार से रवाना होकर अस्पताल चौराहा तक पहुंची। जहां पुतला फूंका गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा- बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन हो रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में सख्त रुख अपनाने की मांग की।


