खरगोन में जिला कांग्रेस कमेटी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को श्रीकृष्ण टॉकीज चौराहा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के कार्यकारी प्रधानमंत्री यूनुस खान का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे जिलाध्यक्ष रवि नायक के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “मोदी सरकार मुर्दाबाद” और “बांग्लादेश सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। आंदोलन स्थल पर कोतवाली थाना से पुलिस बल और फायर फाइटर भी तैनात किए गए थे। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि बांग्लादेश सरकार के पुतले की सुरक्षा के लिए पुलिस बल क्यों लगाया गया है। जिलाध्यक्ष नायक ने केंद्र की मोदी सरकार से मांग की कि वह 1971 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा दिखाए गए साहस का प्रदर्शन करे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश में सेना भेजकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।


