बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों, हिंसा और हत्याओं के विरोध में सतना में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय आह्वान पर बजरंग दल ने उग्र प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सतना के सेमरिया चौक स्थित फ्लाई ओवर के नीचे आयोजित किया गया। इस दौरान विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने पुतले को फ्लाई ओवर से लटकाकर आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारी आतंकवाद के खिलाफ और बांग्लादेश सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान “हिंदुओं की हत्या बंद करो” और “बांग्लादेश सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया। प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले का संज्ञान लेने और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने की मांग की, ताकि वहां रहने वाले हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


