महाराष्ट्र के बांद्रा में मंगलवार सुबह क्रोमा शोरूम में आग लग गई। ये शोरूम लिंकिन रोड स्थित 4 मंजिला स्क्वायर मॉल बिल्डिंग में बना है। क्रोमा शोरूम बिल्डिंग के बेसमेंट में है। आग ऊपरी माले तक पहुंच गई है। हालांकि अब तक किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। इस आग के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं। इनमें दिख रहा है कि पूरी इमारत आग की लपटों से घिरी हुई है। सुबह 4 बजे लगी इस आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां आग को बुझाने की पूरी कोशिश कर रही हैं। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड मुंबई पुलिस, पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) और स्थानीय नगरपालिका कर्मचारियों सहित कई एजेंसियां पहुंचीं। हालांकि, आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। कुल मिलाकर 12 फायर इंजनों, नौ जंबो पानी टैंकरों, दो ब्रीदिंग अपरेटस वैन, एक रेस्क्यू वैन और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को तैनात किया गया। 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा भी मौके पर मौजूद रही। घटना से जुड़ी 5 तस्वीरें… फायर ब्रिगेड की लापरवाही से बढ़ी आग- जीशान सिद्दीकी बांद्रा के मॉल में आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी ने फायर ब्रिगेड पर आरोप लगाते हुए कहा- हम सुबह 4 बजे से यहां हैं, मैं साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि ये आग फायर ब्रिगेड की लापरवाही की वजह से बढ़ी है। हम और आम नागरिक सुबह 4 बजे से यहां हैं। बेसमेंट में क्रोमा में एक छोटा सा स्पार्क हुआ था। हमने उनसे और पानी लाने का अनुरोध किया, लेकिन उनके पास उपकरण नहीं थे। अगर उनके पास उपकरण थे भी तो उनका इस्तेमाल करना उन्हें नहीं आ रहा था। जीशान सिद्दीकी ने आगे कहा, ‘ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, मैं कहता रहा कि ऊपर रेस्टोरेंट और सिलेंडर हैं, लेकिन फायर डिपार्टमेंट की तरफ से मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई। आम नागरिक जानता है कि ये फायर ब्रिगेड की लापरवाही है।’ NDRF की टीम मौके पर पहुंची आग पर काबू पाने के लिए NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल कोई अंदर फंसा नहीं है, इस हादसे में दुकानदारों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। दुकानदार समान निकालने की कोशिश में जुटे हैं। ED कार्यालय की बिल्डिंग में लगी थी आग मुंबई में पिछले दो दिनों के अंदर यह दूसरी बड़ी आग की घटना है। इससे पहले 27 अप्रैल को बैलार्ड एस्टेट इलाके में ED कार्यालय की एक इमारत में आग लग गई थी। इस आग में न सिर्फ ढेर सारा फर्नीचर जलकर राख हो गया बल्कि कई फाइलें भी आग की चपेट में आ गईं थीं। वहीं, ED ने आग का कारण बताते हुए कहा कि इस आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। जो भी फाइलें जली हैं उनकी ऑनलाइन कॉपी हमारे पास मौजूद है। ———————————- ये खबर भी पढ़ें… मुंबई हाईवे पर चलते कंटेनर में लगी आग:पीथमपुर के पास हादसा, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, लाखों का नुकसान पीथमपुर से मुंबई जा रहे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। हादसा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीथमपुर के पास हुआ। आग लगते ही ड्राइवर ने तत्काल कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई। पूरी खबर पढ़ें…


