उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला क्षेत्र में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजस्व और पुलिस विभाग की सात सदस्यीय संयुक्त टीम ने 10 रिसॉर्टों की जांच की, जिनमें से 5 को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। सील किए गए रिसॉर्टों में मानसून होटल, अशोका रिसोर्ट, वाइल्ड हैवन, पलाश कोठी, इनफिनिटी रिसोर्ट और जंगल माटी शामिल हैं। जांच में पाया गया कि इन रिसॉर्टों में आवश्यक फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं नहीं थीं। फायर सेफ्टी में लापरवाही पर कार्रवाई तहसीलदार आर.एल. पनिका ने बताया कि रिसोर्ट संचालकों को लगभग छह महीने पहले फायर सेफ्टी से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। तय समय-सीमा में इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, दो रिसोर्ट में फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। शेष रिसॉर्टों की जांच गुरुवार को की जाएगी, जिसके बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और फायर सेफ्टी जैसे महत्वपूर्ण मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


