शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मोहन कॉलोनी चौराहे के पास रविवार मध्य रात्रि करीब 2:30 बजे अज्ञात चोरों ने चार दुकानों में चोरी की वारदात की। चोरों ने इन चार दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे। जिन दुकानों को निशाना बनाया गया, उनमें दो फाइनेंस कलेक्शन ऑफिस, एक स्टेशनरी की दुकान और एक किराना दुकान शामिल हैं। सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे, तो ताले टूटे देखकर उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान मालिकों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थानाधिकारी रूप सिंह ने बताया कि मोहन कॉलोनी क्षेत्र में चार दुकानों के ताले तोड़े गए हैं, हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी दुकान से कोई बड़ा या कीमती सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। थानाधिकारी ने आश्वस्त किया कि दुकान मालिकों की रिपोर्ट और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम इलाके में संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए जाँच को आगे बढ़ा रही है और जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।


