गणतंत्र दिवस के अवसर पर कुशलबाग मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। शनिवार दोपहर को मैदान में पुलिस के जवानों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जोरदार पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) किया। इस दौरान पूरे मैदान में देशभक्ति का माहौल नजर आया। तिरंगे को देंगे सलामी समारोह को भव्य बनाने के लिए पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी के कैडेट्स कड़ी मेहनत कर रहे हैं। शनिवार को हुए पूर्वाभ्यास में जवानों का अनुशासन और समर्पण देखते ही बन रहा था। कदमताल और बैंड की धुनों ने समां बांध दिया। हर साल की तरह इस बार भी परेड समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसमें जवानों की टुकड़ियां तिरंगे को सलामी देंगी। परेड के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शनिवार को रिहर्सल के दौरान बच्चों ने अपनी कला की झलक पेश की, जो समारोह को और भी खास बनाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इन प्रस्तुतियों में देश की विविधता और एकता के रंग देखने को मिलेंगे। एडीएम ने किया निरीक्षण जिला स्तरीय इस समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शनिवार को रिहर्सल के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजीव द्विवेदी मौजूद रहे। उन्होंने तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि मुख्य समारोह में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।


