बांसवाड़ा में गैंगरेप के आरोपियों की बाजार में निकाली परेड:पुलिस ने हाथों में तख्तियां पकड़वाई, लिखा था- ‘हम बलात्कारी है, हमें माफ कर दो’

बांसवाड़ा में गैंगरेप के आरोपियों की शुक्रवार को भरे बाजार में परेड निकाली गई। इस दौरान पांच आरोपी लंगड़ाते हुए हाथों में तख्ती लेकर चल रहे थे। इस पर लिखा था-हम बलात्कारी है, हमें माफ कर दो। मामला अंबापुरा थाना इलाके का है। दरअसल, गैंगरेप के इन आरोपियों को पुलिस ने 24 दिसम्बर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 25 को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। ये था पूरा मामला 21 दिसंबर की रात करीब 8 बजे 8 बदमाशों ने अपने जीजा के साथ बाइक पर जा रही महिला को रोका और जीजा को मारपीट कर भगा दिया था। इसके बाद महिला के साथ बदमाशों ने रातभर बलात्कार किया था। 22 दिसंबर को महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी गोविंद, रायचंद, सुरेश, मोहन और ईश्वर पिता गौतम को गिरफ्तार किया था। इस मामले में दो नाबालिग को भी डिटेन किया गया था। बाजार में लंगड़ाते हुए चल रहे थे आरोपी पीसी रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को अंबापुरा थाना इलाके के बाजार में एसपी सुधीर जोशी के निर्देश और डीएसपी गोपीचंद मीणा की अगुवाई इन आरोपियों की परेड निकाली। इनका चेहरा ढ़का हुआ था लेकिन ये लंगड़ाते हुए चल रहे थे। करीब डेढ़ किलोमीटर तक बाजार में इनकी परेड निकाली गई। इस दौरान आरोपियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था— “हम बलात्कारी हैं, हमें माफ कर दो, हमसे गलती हो गई।” जैसे ही पुलिस दरिंदों को लेकर बाजार के बीच से गुजरी, वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया और ‘पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए। एसपी बोले- अपराधियों में खौफ पैदा करना जरूरी ​एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करना और जनता के बीच सुरक्षा का भाव जगाना है। परेड के दौरान बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान लोगों ने जिले की पुलिसिंग की भी सराहना की। वहीं डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया कि गैंगरेप की इस वारदात में शामिल आठवां आरोपी संजय जो फरार चल रहा था उसे शुक्रवार को दबिश देकर मध्य प्रदेश के बाजना से गिरफ्तार कर लिया है। वह रतलाम से निजी बस में बैठकर आ रहा था। अब इस मामले के सभी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *