बांसवाड़ा शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार सुबह हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में मजदूरी के लिए बाइक से जा रहे दो युवक हवा में लटके चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। हेलमेट पहनने से बाइक चला रहे युवक की गर्दन बच गई, जबकि पीछे बैठे युवक का हाथ गंभीर रूप से कट गया। दोनों को इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया। मजदूरी पर जाते समय हुआ हादसा खेरडाबरा निवासी दिनेश पुत्र सांतू और कुवांनिया निवासी लक्ष्मण पुत्र रकमा रोज की तरह बाइक से मजदूरी के लिए शहर की ओर जा रहे थे। दिनेश शटरिंग का काम करता है और लक्ष्मण उसके साथ मजदूरी करता है। सुबह जब वे हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में प्रताप सर्किल के पास पहुंचे, तभी हवा में झूल रहा बारीक चाइनीज मांझा अचानक उनके सामने आ गया। मांझा गले में फंसा, बाइक बेकाबू होते बची बाइक चला रहे दिनेश के गले में चाइनीज मांझा फंस गया। हेलमेट और जैकेट की वजह से उसकी गर्दन कटने से बच गई। मांझे के दबाव से हेलमेट की बेल्ट टूट गई और दिनेश के गले पर हल्की चोट आई। बाइक कुछ पल के लिए डगमगाई, लेकिन बडा हादसा टल गया। पीछे बैठे मजदूर का हाथ गंभीर रूप से कटा पीछे बैठे लक्ष्मण का हाथ चाइनीज मांझे की धार में आ गया। तेज धार के कारण उसका हाथ गहराई तक कट गया और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों और उनके साथी वालजी ने तुरंत दोनों को नजदीकी हॉस्पिटल पहुंचाया। हॉस्पिटल में इलाज, हाथ में आए चार टांके हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने लक्ष्मण के हाथ में चार टांके लगाए। दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उनके साथी वालजी ने बताया कि यदि दिनेश ने हेलमेट नहीं पहना होता तो उसकी गर्दन को गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में चाइनीज मांझे को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।


