जिले में कड़ाके की ठंड के साथ ही अब घने कोहरे ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह पूरा शहर और ग्रामीण इलाके कोहरे की घनी चादर में लिपटे नजर आए। विशेष रूप से जयपुर-दाहोद मार्ग पर कूपड़ा ब्रिज के समीप जबरदस्त कोहरा देखा गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। 50 मीटर की दूरी भी दिखना मुश्किल सुबह 9 बजे तक आलम यह था कि विजिबिलिटी (दृश्यता) घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई। हाईवे पर घना कोहरा होने के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जयपुर-दाहोद मार्ग से गुजरने वाले वाहन सवार अपनी गाड़ियों की हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर रेंगते हुए आगे बढ़ने को मजबूर दिखे। खेतों में ओस की बूंदें, ठिठुरन बढ़ी कोहरे के साथ चली शीतलहर ने कनकनी और बढ़ा दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों पर कोहरे का गहरा असर दिखाई दिया, जहां ओस की बूंदों ने फसलों को भिगो दिया। कोहरे के कारण सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों और काम पर जाने वाले श्रमिकों की संख्या भी कम नजर आई। लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन करते दिखे। तापमान धुंध व कोहरे से 10 डिग्री मौसम विभाग के रिसर्च एसोसिएट महिपाल सिंह ने बताया की धुंध व कोहरे की वजह से तापमान 10 डिग्री हैं। हाईवे पर कोहरा होने पर वाहनों की गति धीमी रखने और फाग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी है। ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।


