बांसवाड़ा में फूड-पॉइजनिग से 8 लोग बीमार, हॉस्पिटल में भर्ती:बैंगन की सब्जी व मक्के की रोटी खाने के बाद होने लगीं उल्टियां

बांसवाड़ा में बैंगन की सब्जी और मक्के की रोटी खाने के बाद 8 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। मामला जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के भाटड़ा पाड़ा गांव का है। सोमवार रात को बैंगन की सब्जी और मक्का की रोटी खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों समेत कुल आठ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी होने लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ​परिजन तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर पूर्व सरपंच अपनी गाड़ी से सभी आठ लोगों को लेकर स्थानीय अस्पताल छोटी सरवन पहुंचे। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि 12 बजे सभी को एमजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। ​इन लोगों की बिगड़ी तबीयत: जिन लोगों की तबीयत बिगड़ी, इनमें वसीया पुत्र रकमा (47), वसु पत्नी वसीया (43), कमलेश पुत्र वसीया (15), रमीला पुत्री वसीया (13), सवीता पुत्री वसीया (16), मीरा पुत्री वसीया (14), आसुराम पुत्र वसीया मईड़ा (8) निवासी भाटड़ा पाड़ा और कमलाशंकर पुत्र गलजी (56) निवासी घोड़ी शामिल हैं। सभी को एमजी अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। ​पुलिस ने लिए सैंपल ​सूचना मिलने पर दानपुर थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल कृष्णपाल सिंह एमजी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि घर के खेतों में लगे बैंगन तोड़कर सब्जी बनाई गई थी और दिन में मक्का का आटा पिसवाया था। यही खाना खाने के बाद सभी को उल्टी होने लगी। हेड कॉन्स्टेबल कृष्णपाल सिंह ने बताया कि वसीया के घर से बची हुई बैंगन की सब्जी, मक्का की रोटी और मक्का का आटा सैंपल के तौर पर ले लिया गया है, ताकि जांच के बाद ही पता चल सके कि आखिर किस चीज के सेवन से सभी की तबीयत बिगड़ी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *