बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजतलाब थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ओजरिया सब्जी मंडी के पास एक बंद पड़े ढाबे के बाहर दबिश देकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में बांसवाड़ा के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ गुजरात के दाहोद जिले के दो आरोपी भी शामिल हैं, जो संगठित होकर हार-जीत का दांव लगा रहे थे। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने मौके से दांव पर लगी 41,170 रुपए की नगद राशि बरामद की है। इसके साथ ही जुआरियों के कब्जे से 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, ताश की दो गड्डियां और एक हिसाब की डायरी भी जब्त की गई है। थानाधिकारी देवीलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर इस कार्यवाही को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके पर मिले साक्ष्यों को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से रिकॉर्ड कर जांच में शामिल किया है। ये आरोपी हुए गिरफ्तार पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें दिनेशचंद्र पिता शंकरलाल भोई निवासी उपला भोईवाड़ा, इमरान पिता फैजुल्ला पठान निवासी दाहोद, दौलत खान पिता रईस खान निवासी सूरजपोल, रियाद अहमद पिता तुफेल अहमद निवासी सूरजपोल और बजारिया अब्दुल वाहिद पिता गन्नी भाई निवासी दाहोद शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


