बांसवाड़ा में ससुराल जा रहा एक युवक की नहर में गिरने से मौत हो गई। अंधेरा होने की वजह से पूरी रात शव नहर में पड़ा रहा। हादसा जिले के कालिंजरा थाना के जाम्बुड़ी गांव के पास का है। गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने नहर में बाइक और शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव को बाहर निकाला। देर शाम ससुराल के लिए निकला था युवक पुलिस के अनुसार जल्दा निवासी कल्पेश (28) पुत्र हीरा बुधवार शाम को अपने घर से ससुराल जाम्बुड़ी जाने के लिए बाइक पर सवार होकर निकला था। जाम्बुड़ी गांव के पास अचानक उसकी बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और सड़क किनारे बनी कच्ची नहर में गिर गया। नहर में गिरने से उसके सिर पर चोट लगी और कल्पेश पानी में डूबने लगा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी रात परिजनों को लगा कि पहुंच गया होगा ससुराल इधर, घरवालों ने बताया कि उन्हें लगा कि रात में वह ससुराल पहुंच गया होगा इसलिए उसे कॉल भी नहीं किया। लेकिन, सुबह जब शव निकालने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। कलिंजरा थाना अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मशक्कत के बाद शव और बाइक को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया। यहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


