बांसवाड़ा शहर के मदारेश्वर रोड स्थित मक्का मस्जिद क्षेत्र में शुक्रवार शाम नशे के खिलाफ नशा मुक्ति रैली निकाली गई। समाज में बढ़ती नशीले पदार्थों की लत को जड़ से मिटाने के उद्देश्य से हुई रैली के जरिए युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशा मौत है, जिंदगी चुनें। ’नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का स्लोगन लेकर चले
शहर के मक्का मस्जिद से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में शामिल सैकड़ों युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर ‘नशा एक अभिशाप है’ और ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ जैसे नारे लिखे थे। लाउडस्पीकर से पूरे रास्ते लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति बताया गया। रैली में स्थानीय धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मस्जिद से शुरू होकर रैली मुख्य बाजारों और चौराहों से गुजरी, जहाँ आमजन को इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि उन्हें चिंता है कि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर रही है, जिसे रोकने के लिए ऐसे सामुदायिक प्रयास अब अनिवार्य हो गए हैं। कार्यक्रम के समापन पर एक भावुक और जोश भरा पल तब आया, जब वहां मौजूद सभी लोगों ने एक सुर में शपथ ली। उपस्थित जनसमूह ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहेंगे, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी इस दलदल से बाहर निकालने के लिए प्रेरित करेंगे।


