लुधियाना| क्रिसमस के अवसर पर लुधियाना में बाइकर और पास्टर संगठनों ने मिलकर भाईचारे और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल पेश की। शहर के विभिन्न चर्चों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यूनिटी राइड का आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने भाग लेकर यह संदेश दिया कि एकता में ही सबसे बड़ी ताकत है। यूनिटी राइड का नेतृत्व शहर के बाइकर राजदीप सिंह ने किया। उनके साथ अल्बर्ट दुआ (मसीही नेता) और पास्टर अलीशा सुल्तान (टेंपल ऑफ चर्च, सलीम टाबरी) विशेष रूप से शामिल रहे। राइड की शुरुआत एमएलए मदनलाल बग्गा और एमएलए पप्पी पाराशर ने हरी झंडी दिखाकर की। शांतिपूर्ण ढंग से निकाली गई यह राइड सराभा नगर स्थित कैथोलिक चर्च तक पहुंची, जहां सभी प्रतिभागियों ने साहबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस यूनिटी राइड में समीर प्रकाश, जोएल जॉन्सन, विजय रंधावा, नोएल जॉन्सन, रॉयलेंस मसीह और रिचर्ड रॉक्सवेल सहित कई बाइकर शामिल हुए। सभी ने अनुशासन और शांति के साथ राइड पूरी की और शहर में सौहार्द का संदेश फैलाया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव को मजबूत करते हैं। क्रिसमस के इस जश्न ने न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को उजागर किया, बल्कि शहरवासियों के बीच मेलजोल और भाईचारे की भावना को भी और सशक्त किया।


