बाइक के धक्के से साइकिल सवार की मौत, चालक घायल

भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोलाडीह चौक पर अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक के धक्के से साइकिल सवार की मौत मौके पर ही हो गई। इस घटना में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना शुक्रवार की रात्रि सात बजे की है। 25 वर्षीय मृतक साइकिल सवार आकाश बोदरा मंझारी के चोकेदिरी का निवासी था। मृतक का एक बच्चा भी है। वहीं घायल बाइक सवार चुम्बरू बारी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटा नीमडीह का निवासी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में करने के बाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर शनिवार को परिजनों के हवाले कर दिया। घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक आकाश बोदरा अपने छोटे भाई के साथ अलग-अलग साइकिल पर सब्जी खरीदने के लिए रोलाडीह गया था। जहां से लौटने के क्रम में रोलाडीह चौक पर अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक चालक ने आकाश बोदरा को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही साइकिल सवार की मौत हो गई। वहीं हेलमेट नहीं पहनने के कारण बाइक चालक भी बुरी तरह घायल है। उसे सिर पर गंभीर बाहरी एवं अंदरूनी चोट लगी है। परिजनों का कहना है कि बाइक चालक गांव से पलायन कर रहे दो युवकों को बाइक पर चाईबासा बस स्टैंड पहुंचाने गया था। इसके बाद बाइक पर वह मंझारी किस काम के लिए गया था, यह जानकारी परिजनों को नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *