मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे 25 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। एसएचओ जसविंदर सिंह ने बताया कि 25 जनवरी को अब्दुल्लापुर बस्ती निवासी प्रदीप सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह मॉडल टाउन एक्सटेंशन के पास रेलवे पटरियों की ओर बाइक खड़ी कर दूसरी तरफ गया था, लौटने पर उसकी बाइक (PB-10-FX-1806) चोरी मिली। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान कर शहीद भगत सिंह नगर, दुगरी निवासी बलविंदर सिंह पुत्र सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका एक साथी मोगा निवासी प्रदीप सिंह पुत्र रणजीत सिंह है और दोनों मिलकर शहर के बाजारों व पार्किंग स्थलों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों के पार्ट्स अलग कर मोगा सहित शहर से बाहर भेज दिए जाते थे। पुलिस ने दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोगा पुलिस की मदद ली है। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर बुधवार रात 9 बजे तक 25 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। मामले से जुड़े जानकार सूत्र बताते हैं कि बरामद किए जा रहे बाइकों की संख्या और बढ़ सकती है। और भी कई गिरफ्तारियां संभव हैं।


