लुधियाना| शहर में बाइक चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 12 अगस्त को पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में अज्ञात बाइक चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहला मामला मेहरबान थाना क्षेत्र के गांव बूथगढ़ का है। यहां करनैल सिंह ने अपनी प्लेटिना बाइक (PB 10 DY 3796) घर के बाहर लॉक लगाकर खड़ी की थी। लौटकर देखा तो बाइक गायब थी। उन्होंने थाने में शिकायत दी है। दूसरी वारदात थाना डिवीजन 8 के रोज गार्डन के पास हुई। दपिंदर सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को उन्होंने अपनी सिल्वर स्प्लेंडर (PB 10 GE 8172) वहां खड़ी की थी। लौटने पर बाइक नहीं मिली। आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। तीसरी घटना लाडोवाल थाना क्षेत्र की है। शर्मा स्वीट शॉप के बाहर लवप्रीत सिंह ने 22 जुलाई को अपनी बजाज प्लेटिना (PB 20 C 9576) खड़ी की थी। कुछ देर बाद बाइक गायब हो गई। लवप्रीत ने इसे आर्थिक और मानसिक परेशानी बताया और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।


