वैशाली नगर थाना पुलिस ने बाइक लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित से छीनी गई बाइक भी बरामद कर ली है। रामनगर निवासी सुनील यादव (28) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त की रात वह अर्जुन नगर से घर लौट रहा था। इसी दौरान रामनगर शुलभ के पास उसकी गाड़ी रोकी गई। यहां आरोपी प्रेम सिंह और मोहम्मद आलम पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसकी डेस्टिनी प्राइम बाइक (सीजी-07 सीटी 2584) जबरदस्ती छीनकर फरार हो गए। बाइक की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई। शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज किया और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई। पुलिस ने अर्जुन नगर कैंप-1 निवासी प्रेम सिंह (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने साथी मोहम्मद आलम के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर बाइक बरामद कर ली गई। जांच में पता चला कि मोहम्मद आलम पहले से ही हत्या के प्रयास और लूट के मामलों में भिलाई नगर व जेवरा सिरसा पुलिस के जरिए जेल भेजा जा चुका है। उसके कब्जे से ही सुनील यादव की बाइक जब्त की गई। आरोपी प्रेम सिंह को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। वहीं, मोहम्मद आलम पहले से ही जेल में है।


