धौलपुर में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर शनिवार दोपहर एक डस्ट से भरा ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना के कारण ग्वालियर से आगरा की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक ग्वालियर से आगरा की ओर जा रहा था। ओवरब्रिज के पास आगे चल रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने स्टीयरिंग मोड़ दी। इससे ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक पलटने से सड़क पर डस्ट फैल गई, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई और भीषण जाम लग गया। ग्वालियर से आगरा की ओर जाने वाले सभी वाहन हाईवे पर ही फंस गए। जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाया गया और बाधित यातायात को सुचारु कराया गया।


