बाइक सवार बदमाशों ने ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में खड़ी कारों के कांच तोड़ दिए। यह घटना रविवार रात को राम नगर आवासीय इलाके में हुई। यहां घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को बदमाशों ने निशाना बनाया। कारों पर पत्थर फेंके, जिससे एक कार के शीशे चकनाचूर हो गए। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में तीन बदमाश बाइक पर आते हैं, कारों पर पत्थर फेंकते हैं और फिर तेजी से भाग जाते हैं। इस फुटेज के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीमों का कहना है कि बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संदिग्ध युवकों की हो रही पहचान
सीएसपी अतुल सोनी ने बताया- ‘मुरार थाना पुलिस को एक वीडियो मिला है, जिसमें बाइक सवार तीन बदमाश गाड़ियों में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं। तकनीकी टीम को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं और संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।’


