उत्तर प्रदेश के मथुरा में राजस्थान के दो चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों बाइक से मथुरा जा रहे थे। मथुरा के कोसीकला थाना क्षेत्र के नंदगांव-कामां मार्ग पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। नदबई (भरतपुर) के भदीरा निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया- भतीजा विशाल (17) पुत्र इंद्रपाल दोस्त यशु (17) पुत्र बलबीर के साथ बुआ के बेटे सुनील (18) को मथुरा के कोसीकला थाना इलाके के कदौना गांव छोड़ने के लिए मंगलवार रात 11:30 बजे बाइक से निकले थे। वे घर में किसी को बताकर नहीं गए थे। रास्ते में नंदगांव-कामां मार्ग पर उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मथुरा के हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भेज दिया। इसके साथ ही परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों के मथुरा पहुंचने पर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव सौंप दिए। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 11वीं में पढ़ते थे तीनों लड़के
विशाल के ताऊ गजेंद्र सिंह ने बताया- विशाल, यशु और सुनील, तीनों 11वीं कक्षा के छात्र थे। नदबई निवासी विशाल अपने घर का बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा भाई है। उसके पिता इंद्रपाल खेती करते हैं। वहीं, यशु घर का सबसे छोटा बेटा था। उसकी एक बहन और एक भाई है। पिता बलबीर किसान हैं।


