बागपत जनपद में निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर एक प्रतिबंधित घोड़ा बग्गी दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन के कारण कॉरिडोर पर आवाजाही कर रहे लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह प्रतियोगिता नियमों का उल्लंघन करते हुए आयोजित की गई, जिसमें दर्जनों लोग शामिल हुए। दौड़ के दौरान पशुओं पर क्रूरता भी की गई। कई लोग बाइकों पर सवार होकर दौड़ का उत्साह बढ़ाते देखे गए, जिनमें से कुछ ने इसका वीडियो भी बनाया। घोड़ा बग्गी दौड़ का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। समाजसेवी लोगों ने पशुओं पर की गई क्रूरता को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। बागपत में पहले भी कई बार भैंसा बुग्गी और घोड़ा दौड़ का आयोजन किया जा चुका है, जिन पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर चुकी है। शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उस समय वहां कोई नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो के आधार पर इस प्रतिबंधित दौड़ का आयोजन करने वाले लोगों की तलाश कर रही है।


