जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए गोलीकांड में घायल आशीष भगत की कोलकाता में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना एलबीएम रोड स्थित साई मंदिर के समीप हुई थी, जहां आपसी विवाद के बाद बदमाशों ने आशीष को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल आशीष को पहले टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे कोलकाता लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन देर रात आशीष ने दम तोड़ दिया। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग आशीष की मौत की खबर मिलते ही पूरे बागबेड़ा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, रंजन दास और सूरज दास शामिल हैं। पांचवें आरोपी की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पिस्टल और कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे व्यक्तिगत रंजिश और आपसी विवाद प्रमुख कारण थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


