बागेश्वर धाम प्रमुख को गालियां और धमकी, वीडियो:हिंदू संगठनों ने आंदोलन की दी चेतावनी ; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ गाली-गलौच और धमकी देने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक युवक आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए हिंदू जोड़ो यात्रा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा डॉक्टरों से इलाज कराने को लेकर सवाल खड़े करता नजर आ रहा है। युवक न केवल अभद्र टिप्पणियां करता दिख रहा है बल्कि खुलेआम धमकियां भी देता है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई। शुरुआत में वीडियो को रीवा का बताया गया, जिससे शहर में तनाव का माहौल बन गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता युवक की तलाश में जुट गए। हालांकि बाद में जांच में सामने आया कि यह वीडियो रीवा का नहीं बल्कि सिहावल क्षेत्र का है। धमकी देने वाले की उम्र 21 साल
जानकारी के मुताबिक वीडियो में नजर आ रहा युवक जनपद सिहावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरी का निवासी है। उसकी पहचान शिवम वर्मा पिता शिव प्रसाद वर्मा, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। आरोप है कि शिवम वर्मा ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग कर समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक के खिलाफ पहले से ही गांजा तस्करी सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी युवक फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें और कानून को हाथ में न लें। युवक की गिरफ्तारी की मांग
हिंदू संगठन की तरफ से जय महाकाल संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र द्विवेदी ने कहा कि जल्द अगर बागेश्वर धाम प्रमुख को गाली देने वाले युवक की गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रदेश व्यापी और राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस तरह के कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम इसका खुलकर विरोध करते हैं और ऐसे लोगों को चेतावनी भी देते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *