बूंदी के बरूंधन में तालेड़ा ब्लॉक के बरूंधन गांव में ‘एक जिला–एक खेल कबड्डी’ प्रतिभा खोज ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न हुई। पंच गौरव योजना के तहत जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस स्पर्धा में 450 से ज्यादा बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता 2 दिनों तक चली।
बालक वर्ग में टीम बाजड़ और बालिका वर्ग में भरता बावड़ी की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अक्षय हाड़ा थे। बरूंधन की सरपंच भारती शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में जिला ओलंपिक संघ सचिव राम सिंह पंवार, समाजसेवी पुरुषोत्तम शर्मा, रामनिवास सुमन और धनराज गुर्जर शामिल रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी अनुशासन, साहस और सामूहिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
बालक वर्ग में टीम बाजड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम बरूंधन दूसरे और टीम कोटखेड़ा तीसरे स्थान पर रही। बालिका वर्ग में भरता बावड़ी की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम बरूंधन को दूसरा और टीम लक्ष्मीपुरा को तीसरा स्थान मिला।
प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत ने बताया कि इस प्रतियोगिता से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।


