बाड़मेर में कड़ाके की ठंड में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। शीतलहर के चलते लोगों की दिनचर्या बदल गई है। मंगलवार को सुबह के समय खुले इलाकों में ओस की बूंदें गिरी है। मंगलवार को रात का तापमान 6.9 से बढ़कर 9.2 डिग्री पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी बढ़ोत्तरी हो रही है। लेकिन सर्दी का असर कम नहीं हाे रहा है। मंगलवार को 8वीं तक स्कूलों को भी खोल दिया गया है। मंगलवार को ठंड में नन्हे बच्चे ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग ने 25 जनवरी से मौसम बदलने के साथ कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। दरअसल, बाड़मेर पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में सर्दी ने इस बार रिकॉर्ड सख्ती दिखाई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं दिन का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 9.2 डिग्री तक पहुंच गया है। रात के समय खुले इलाकों में ओस जमने से कई जगह हल्की बर्फ जैसी परत नजर आई, जबकि सुबह खेतों और छतों पर जमी नमी ने कड़ाके की ठंड का एहसास और बढ़ा दिया। दिनभर शीतलहर चलती रही, जिससे धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन बनी रही। रात में ठंडी हवाएं शूल की तरह चुभती महसूस हुईं। जिससे बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। बाड़मेर जिले के रामसर, गडरारोड, शिव, चौहटन इलाके के कई गांव में बर्फ जमी नजर आई। सेड़वा के भाडा गांव में एक कार पर ओस की बूंदें बर्फ में बदल गई। ठंड के चलते सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही। ग्रामीण इलाकों में किसान अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। बाड़मेर में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आज स्कूल पहुंचे 8वीं तक स्टूडेंट नए साल के साथ ही कड़ाके की ठंड का शुरू हुआ दौर करीब दो सप्ताह पूरे होने तक जारी है। प्रशासन की ओर से शीत लहर और कड़ाके की ठंड के कारण 12 जनवरी तक छुट्टी कर रखी थी। मंगलवार को फर्स्ट से लेकर आठवीं तक के स्टूडेंट स्कूल पहुंचे। सेहत विशेषज्ञों ने ठंड में सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और बच्चों को खुले में देर तक न रखने की सलाह दी है। 25 जनवरी से बदलेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 2–3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट या स्थिरता बनी रह सकती है। उत्तरी-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम ठिठुरन जारी रहेगी और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। हालांकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। अगले सप्ताह के मध्य से ठंड की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने और रात के तापमान में 1–2 डिग्री की बढ़ोतरी के संकेत हैं। 25 जनवरी से मौसम में बदलाव के साथ ही जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।


