बाड़मेर और बालोतरा जिले की सीमाएं बदलने के बाद गांव से लेकर पंचायत समिति, तहसील और उपखंड तक वोटों की गणित बदल गई है। रविवार को बाड़मेर जिला परिषद के वार्डों का पुनर्गठन कर नई सूची जारी कर दी गई है। बाड़मेर जिला परिषद में अब 39 की जगह 37 वार्ड ही होंगे। जिले में 7 उपखंड, 11 तहसीलें और 7 उप तहसीलें, 17 पंचायत समितियां और 625 ग्राम पंचायतें होगी। दरअसल, नए साल की शुरूआत के साथ ही बाड़मेर और बालोतरा की सीमाएं बदल गई है। 2 जनवरी को सरकार ने बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी और धोरीमन्ना उपखंड को बालोतरा जिले में शामिल कर दिया था। वहीं बायतु तहसील को बाड़मेर जिले में शामिल किया गया है। इससे दोनों जिलों की पूर्व में जारी जिला परिषद के वार्डों से लेकर पंचायतों की संख्या तक बदल गई है। वहीं 17 पंचायत समितियों में 266 वार्ड होंगे। सर्वाधिक 19-19 वार्ड अब बाड़मेर और चौहटन पंचायत समिति में होंगे। जिले के ये सात उपखंड की गणित 1. बाड़मेर: बाड़मेर , बाड़मेर ग्रामीण, बाटाडू, नोखड़ा तहसील। विशाला, चवा, मांगता उप तहसील होगी। इसी तरह बाड़मेर, विशाला, डूगेरो का तला, बाड़मेर ग्रामीण, बाटाडू, आडेल व मांगता समेत 7 पंचायत समितियां अब बाड़मेर उपखंड में होगी। इनमें बाटाडू, आडेल व मांगता तीन नई पंचायत समितियों को शामिल किया गया है। 2. शिव: शिव तहसील, भियाड़ उप तहसील, शिव व भियाड़ पंचायत समिति होगी। 3. गडरारोड: गडरारोड तहसील, हरसाणी उप तहसील, गडरारोड पंचायत समिति। 4. रामसर: रामसर तहसील और रामसर पंचायत समिति। 5. चौहटन: चौहटन, धनाऊ तहसील, लीलसर उप तहसील, चौहटन, धनाऊ व लीलसर पंचायत समितियां। 6. सेड़वा: सेड़वा तहसील, फागलिया उप तहसील, सेड़वा व फागलिया पंचायत समिति। 7. बायतु: बायतु तहसील, बायतु पंचायत समिति। बाड़मेर जिला परिषद में अब 37 वार्ड होंगे बाड़मेर जिले में बायतु तहसील के शामिल होने और गुड़ामालानी व धोरीमन्ना के बालोतरा में चले जाने से जिला परिषद के वार्डों की गणित भी बदल गई है। 29 दिसंबर को जारी जिला परिषद के वार्डों की अधिसूचना में 39 वार्ड थे। अब जिलों के परिसीमन के बाद अब 37 वार्ड हो गए। गुड़ामालानी व धोरीमन्ना के बालोतरा में जाने से दो वार्ड कम हुए है। बाड़मेर जिले में अब 685 ग्राम पंचायतों की जगह सिर्फ 625 ग्राम पंचायतें ही होगी। इसके अलावा 18 की जगह अब 17 पंचायत समितियां रह गई है। इन 17 पंचायत समितियों में अब 266 वार्ड होंगे। जिला परिषद के वार्ड में न्यूनतम जनसंख्या 22 हजार रखी गई है, जबकि अधिकतम 50 हजार है। पंचायत समितियों में 2 हजार पर भी वार्ड बनाए गए है। अब जिला परिषद के वार्डों का संशोधित प्रारूप प्रकाशन जारी किया है। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने 7 जनवरी को सुबह 11 बजे तक कलेक्टर कार्यालय में आपत्तियों सुनवाई के लिए आमंत्रित की है। बालोतरा का गणित बालोतरा में 5 उपखंड, 9 तहसील और 5 उप तहसील है। इनमें बालोतरा उपखंड में पचपदरा, कल्याणपुर, गिड़ा, पाटोदी तहसील है। जबकि जसोल, दूदवा, सवाऊ पदमसिंह, हीरा की ढाणी, पादरू उप तहसील है। इसके अलावा सिवाना, बालोतरा, कल्याणपुर, गिड़ा, पाटौदी, समदड़ी, सिणधरी, पादरू, गुड़ामालानी, धोरीमन्ना, और पायला कल्ला पंचायत समिति है।


