बाड़मेर, बालोतरा में बढ़े वोटर, आंकड़ा पहुंचा 20.06 लाख:सबसे ज्यादा मतदाता चौहटन, सबसे कम बायतू में, 7 विधानसभा में 51233 का इजाफा

निर्वाचन विभाग ने बाड़मेर और बालोतरा जिले की सात विधानसभा सीटों की सभी सीटों पर फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। यह वोटिंग लिस्ट 01 जनवरी, 2025 के संदर्भ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया। इसके बाद बाड़मेर एवं बालोतरा जिले में मतदाताओं की तादाद 20 लाख 6 हजार 714 हो गई है। इससे पहले मतदाताओं की संख्या 19 लाख 55 हजार 481 थी। जिला मुख्यालय पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्रसिंह चांदावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान पंजीकृत राष्ट्रीय, राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन 07 जनवरी के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इससे पहले उप जिला निर्वाचन अधिकारी चांदावत ने राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 29 अक्टूबर 2024 को किया गया था। इसके उपरांत दावे एवं आपत्तियां 29 अक्टूबर से 28 नवंबर 2024 तक प्राप्त की गई। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के संबंधित भाग की प्रविष्टियों का ग्राम, स्थानीय निकाय एवं आवासीय वेलफेयर सोसायटी के साथ 09 एवं 23 नवंबर 2024 को मीटिंग आयोजित करते हुए पठन एवं सत्यापन किया गया। इसके अलावा 10 एवं 24 नवंबर को विशेष अभियान शिविर आयोजित किए गए। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 24 दिसंबर तक किया गया है। मीटिंग के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी चांदावत ने मतदाताओं के नाम जुड़वाने, हटाने एवं संशोधन करने के भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न ऑनलाइन एप्लीकेशन एवं दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि जिन मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त नहीं है, उन मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें। इस दौरान उनको अंतिम प्रकाशन संबंधित फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी तथा फोटो रहित मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। 51233 वोटर बढ़े, सबसे ज्यादा वोटर चौहटन विधानसभा में किस विधानसभा में कितने मतदाता एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के उपरांत शिव विधानसभा में 3 लाख 15 हजार 824, बाड़मेर में 2 लाख 75 हजार 165, बायतू में 2 लाख 62 हजार 386, पचपदरा में 2 लाख 62 हजार 424, सिवाना में 2 लाख 84 हजार 270, गुड़ामालानी में 2 लाख 82 हजार 209, चौहटन में 3 लाख 24 हजार 436 मतदाता हो गए है। इस तरह से बाड़मेर एवं बालोतरा जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 20 लाख 6 हजार 714 हो गई है। इसमें 10 लाख 57 हजार 539 पुरूष एवं 9 लाख 49 हजार 175 महिला मतदाता शामिल है। बाड़मेर एवं बालोतरा जिले में 51 हजार 233 मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *