बाड़मेर जिले में आदर्श स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के.के. विश्नोई प्रातः 9 बजे तिरंगा फहराकर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में इस बार मार्च पास्ट में परेड कमाण्डर के नेतृत्व में आरएसी, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, बॉर्डर होमगार्ड, अरबन होमगार्ड, एनसीसी सीनियर, एनसीसी सीनियर गर्ल्स एवं स्काउट एंड गाइड से रेंजर दल शामिल होंगे। स्काउट बनाएंगे पिरामिड इसके बाद राज्यपाल महोदय के सन्देश का पठन किया जाएगा। पुलिस विभाग के बैंड दल की सुरताल पर छात्र-छात्राओं की ओर से व्यायाम का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके पश्चात माल गोदाम रोड़ राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्राएं समूह गान की प्रस्तुति देगी। इस दौरान स्काउट की ओर से पिरामिड प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग राज्यमंत्री के.के. विश्नोई उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करेंगे। इसके बाद ख्यातनाम अन्तर्राष्ट्रीय लोक कलाकार स्वरूप पंवार देश भक्ति गीत ऐ मेरे वतन के लोगों की प्रस्तुति देंगे। जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके उपरांत माल गोदाम रोड़ राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्राओं की ओर से सामूहिक लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। क्रिकेट एवं बास्केटबॉल मैच गणतंत्र दिवस के अवसर पर रात्रि 7 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इधर, गणतंत्र दिवस को लेकर सरकारी कार्यालयों, भवनों, चौराहों पर आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को दोपहर एक बजे जिला प्रशासन तथा जिला क्रिकेट संघ एवं पत्रकार संघ के मध्य आदर्श स्टेडियम में क्रिकेट मैच आयोजित होगा। इसके अलावा जिला प्रशासन एवं जिला बास्केटबाल संघ की टीम का भारतीय सेना एवं बाड़मेर पुलिस के साथ महात्मा गांधी राउमावि स्टेशन रोड में सांय 5 बजे बास्केटबॉल मैच होगा।


